रांची: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में स्थित टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में अचानक आग लग गई। शनिवार सुबह करीब 10.20 बजे जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे प्लांट में आग लग गई। कंपनी के कोक प्लांट के बैटरी नंबर 6 में यह हादसा हुआ। हादसे में दो ठेका कर्मचारियों के जख्मी होने की खबर है। बताया जा रहा है प्लांट में गैस रिसाव होने लगा। घटना के बाद पूरे एरिया में अफरा-तफरी मच गई।
ब्लास्ट इतना जोरदार था कि प्लांट में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। साथ ही आसपास के परिसर को भी खाली करा दिया गया। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि अभी हालात नियंत्रण में हैं।
विस्फोट कोक प्लांट की बैटरी में हुआ था। जिसके बाद फायर टेंडर तुरंत मौके पर पहुंचे। वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना को लेकर कहा कि जमशेदपुर में टाटा स्टील प्लांट में ब्लास्ट होने की खबर मिली है। जिला प्रशासन, टाटा स्टील प्रबंधन के साथ सामंजस्य बनाकर घायलों के त्वरित इलाज हेतु कार्रवाई कर रहा है।