नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन में जंग जारी है। नतीजा यूक्रेन में तबाही का मंजर है। यहां सैन्य ठिकानों के साथ साथ रूसी सेना ने रिहायशी इलाकों में भी बमबारी कर दी है। जिसमें आम नागरिकों की जान जा रही है। इस बीच रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ ने कहा है कि रूस यूक्रेन को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा।
सर्गेई लवरोफ ने कहा कि तीसरा विश्व युद्ध विनाशकारी और परमाणु युद्ध होगा। यूक्रेन के साथ बातचीत के मुद्दे पर लावरोफ ने कहा कि रूस यूक्रेन के साथ दूसरे दौर की बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन यूक्रेन अमेरिका के इशारे पर चल रहा है।
#BREAKING | Third World War would be nuclear and disastrous, Russian Foreign Minister Lavrov says#SputnikBreakinghttps://t.co/dSx0JSaBZp pic.twitter.com/8stUcOiKtA
— Sputnik (@SputnikInt) March 2, 2022
इससे पहले भी रूस के विदेश मंत्री ने कहा था कि यूक्रेन परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश करता रहा है। यह एक बड़ा खतरा है और इसे रोकने की जरूरत है। उन्होंने कहा था कि यूक्रेन के पास अभी भी सोवियत न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी है। लिहाजा रूस को इस खतरे का सफलतापूर्वक जवाब देना होगा।
अन्य देशों को रूस की चेतावनी
सर्गेई लवरोफ ने पश्चिमी देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें पूर्व सोवियत संघ के देशों में सैन्य ठिकाने नहीं बनाने चाहिए। लावरोफ ने कहा कि यूक्रेन की परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश को रूस रोकेगा।
पुतिन के बयान से शुरू हुई हलचल
यूक्रेन पर हमलों के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने परमाणु बलों को विशेष अलर्ट पर रखने का आदेश दिया था। इसकी अमेरिका सहित कई देशों ने आलोचना की थी। लेकिन यूक्रेन पर सैनिक कार्रवाई शुरू करते समय पुतिन ने चेतावनी दी थी कि अगर यूक्रेन के मामले में किसी बाहरी देश ने दखल दिया, तो उसे गंभीर नतीजे भुगतने होंगे।