नई दिल्ली: असम में एक महिला सब इंस्पेक्टर ने फिल्मी अंदाज में अपने होने वाले पति को ही अरेस्ट कर लिया। महिला अफसर ने अपने मंगेतर को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। पूरा मामला यह मामला असम के नगांव जिले का है।
यहां के नगांव थाने में महिला सब इंस्पेक्टर जोनमणि राभा ने अपने मंगेतर राणा पगग को गिरफ्तार किया है। पराग पर आरोप है कि उसने फर्जी पहचान दिखाकर शादी करने, लाखों रुपये की ठगी की है। युवक नकली पहचान बताकर शादी करना चाहता था।
बताया जा रहा है युवक ने इसी तरह पहले भी कई लोगों के साथ ठगी की है। मामला सामने आने के बाद महिला सब इंस्पेक्टर ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
खुद को बताया था ONGC का अधिकारी
मंगेतर को अरेस्ट करने वाली सब इंस्पेक्टर जोनमणी राभा ने बताया कि पोस्टिंग के दौरान उसकी मुलाकात जनवरी, 2021 में राणा पगग से हुई थी। दोनों में दोस्ती हुई और वे करीब आए।
तब उसने(राणा पगग) ने खुद को ONGC में जनसंपर्क अधिकारी बताया था। इसी दौरान उसने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद दोनों के परिवार मिले और अक्टूबर, 2021 में सगाई कर ली। नवंबर, 2022 में दोनों की शादी तय की गई थी। जोनमणि को जनवरी, 2022 से ही पगग के काम करने के तरीके पर शक होने लगा था।
इसके बाद उसने जांच-पड़ताल शुरू की तो सामने आया कि पगग कई लोगों के साथ ठगी कर चुका है। वहीं पता चला कि वह ओएनजीसी में भी कार्यरत नहीं है। वह एसयूवी गाड़ी से चलता था और अपने साथ ड्राइवर और सुरक्षाकर्मी भी रखता था, जिससे वह अधिकारी लगे। महिला पुलिस अधिकारी ने कहा, मैं शुक्रगुजार हूं कि तीन लोग मेरे पास आए और उन्होंने राणा पगग के बारे में पूरी जानकारी दी। उन्होंने मेरी आंखे खोल दीं।