नई दिल्ली: भीषण गर्मी के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश हुई है। जिसके बाद अब गर्मी कम होने के आसार हैं क्योंकी कई जगह बादल छाए हुए हैं और लू से इत्तर ठंडी हवा ने राहत दी है। बेंगलुरु, आगरा, कोलकाता और शिमला में रविवार को बारिश हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले 5 दिन लू की आशंका नहीं है। अधिकतम तापमान में भी 3 से 4 डिग्री की कमी आएगी। 5 मई के बाद बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन से आधे भारत में बारिश हो सकती है। मई का तीसरा हफ्ता सबसे ठंडा रहेगा।

गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड
इस साल मार्च के शुरूआत में ही गर्मी ने दस्तक दे दी थी। तबसे तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार को सबसे ज्यादा तापमान उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के बांदा जिले का रहा। यहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश में तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। इस साल अप्रैल महीने में गर्मी ने 122 साल के रिकॉर्ड तोड़ दिए। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अप्रैल महीना सबसे गर्म रहा।
उत्तर पश्चिम के 9 राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अप्रैल का औसत तापमान 35.900 (न्यूनतम-अधिकतम का औसत) दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.35 डिग्री ज्यादा था। इस साल अब तक देश में हीटवेव और सीवियर हीटवेव के दिन 2010 के बाद सबसे ज्यादा रहे।